श्री राम तिराहा से जुन्नारदेव पहुंच मार्ग को तुरंत खोल देने की अपील

तकीम अहमद जिला ब्यूरो

श्रीराम तिराहा (चर्च) से जुन्नारदेव पहुंच मार्ग को जल्द खोला जाए

महादेव मेला यात्रियों को हो रही बड़ी असुविधा

तामिया सड़क व उड़ान पुल निर्माण के चलते हो रही बड़ी परेशानी

दूरस्थ क्षेत्रों से आ रहे महादेव भक्त हो रहे भटकाव के शिकार

जिला प्रशासन से नगर के सतपुड़ा प्रेस क्लब व बुद्धिजीवियो ने रखी मांग

जुन्नारदेव
इस आदिवासी अंचल का प्रसिद्ध श्रीमहादेव मेला की गतिविधियां अब चरम पर आती दिख रही है। विदर्भ सहित सीमावर्ती जिलों के भगवान आशुतोष के भक्त बड़ी संख्या में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पहली पायरी से अपनी महादेव यात्रा को प्रारंभ करते हैं। गौरतलब है कि प्रत्येक महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यह मेंला पुरातन अवधि से लगातार चला आ रहा है। भगवान शिव के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा और भक्ति भाव से विदर्भ सहित दूर दूर से लोग यहां से अपनी महादेव यात्रा का श्रीगणेश करते है, लेकिन इस दफा महादेव के भक्तों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसका बड़ा और प्रमुख कारण यहां चल रही तामिया- जुन्नारदेव सड़क तथा महादेव उड़ान पुल का निर्माण है।

बीते कई महीने से श्री राम तिराहा (चर्च) से जुन्नारदेव शहर पहुंच मार्ग को सड़क निर्माण कंपनी के द्वारा बगैर कोई वैकल्पिक मार्ग दिए बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों सहित यहां आने वाले वाहनों के मालिकों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अब जब इस क्षेत्र की अमिट पहचान और श्रद्धा का केंद्र महादेव मेंले की गतिविधियां प्रारंभ हो चुकी है, तब ऐसी विपरीत परिस्थितियों में सड़क निर्माण कंपनी और प्रशासन का आंख मूंद लेने से शहर के समस्त भक्तजन व बुद्धिजीवीजन गहरे आक्रोश में है।

स्थानीय नागरिकों व भगवान भोले के भक्तों व सतपुड़ा प्रेस क्लब ने जुन्नारदेव के श्री राम तिराहे (चर्च) से जुन्नारदेव पहुंचे मार्ग को जनहित तथा इस धर्म कार्य हेतु जल्द खोले जाने की अपील प्रशासन व सड़क निर्माण कंपनी से की है।

उचित मार्ग डायवर्सन के अभाव में भटक रहे महादेव यात्री

बीते कई सैकड़ो वर्षों से चली आ रही श्री महादेव मेले की यह परंपरा आज के इस युग में भी अनवरत रूप से जारी है। यहां पर हजारों किलोमीटर दूर से लोग पहली पायरी पहुंचकर अपनी महादेव यात्रा प्रारंभ कर सतपुड़ा के शिखर चौड़ागढ़ पर जा पहुंचते हैं, लेकिन इस दफा यह महादेव यात्री अपने चौपहियां या अन्य साधनों से पहुंचने के बाद उचित मार्ग डायवर्सन के अभाव में भटक रहे हैं। यहां पहुंच रहे भक्तजन श्री राम तिराहा (चर्च) से उचित मार्ग डायवर्सन के अभाव में लंबी दूरी तय करके सीधे दमुआ पहुंचकर अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं।

इससे इन भक्तों की पहली पायरी में पहुंचकर भगवान आशुतोष की पहली पूजा अर्चना करने की मनोकामना को भी धक्का पहुंच रहा है। इसीलिए स्थानीय जानकार व सतपुड़ा प्रेस क्लब सहित आमजन प्रशासन व सड़क निर्माण कंपनी से यथाशीघ्र ही इस मार्ग को प्रारंभ कर दिए जाने की मांग रखी है ताकि दूर क्षेत्र से आने वाले इन धार्मिक यात्रियों की भावना के साथ खिलवाड़ ना हो सके।

सड़क निर्माण कंपनी और प्रशासन ने दिए हैं जल्द मार्ग खोलने के संकेत
श्री महादेव मेले की तैयारी को लेकर प्रशासन भी खासा सक्रिय है। इसको लेकर जिला कलेक्टर सहित आला अधिकारियों के द्वारा ढेर सारे दौरे कर समस्त तैयारिया व रणनीति भी बना ली गई है। इसी के चलते यह संकेत भी मिल रहा था कि यह प्रतिबंधित मार्ग को जल्द ही खोल दिया जाएगा लेकिन सड़क निर्माण कंपनी और प्रशासन के द्वारा इसे दिन-ब-दिन इसे लगभग टाल दिया ही जा रहा है। हालांकि यहां मिले संकेतों के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि रविवार शाम या सोमवार की सुबह से प्रशासन की पहल पर इस मार्ग से प्रतिबंध हटाकर इसे महादेव मेला यात्रियों सहित आमजनों के लिए खोल दिया जाएगा। लगभग 28 तारीख तक यह मार्ग में आवागमन में दिलाए दी जाएगी इसके बाद फिर से इस तामिया-जुन्नारदेव सड़क तथा महादेव उड़ान पुल का निर्माण तेजी से किए जाने के लिए सड़क निर्माण कंपनी फिर जुट जाएगी। मध्य प्रदेश राज्य सड़क विकास निगम तथा एशियाई विकास बैंक के साझे उपक्रम से बना रहे इस सड़क व महादेव उड़ान पुल का निर्माण जल्द करने के लिए भी कंपनी प्रयत्नशील है। यही कारण है कि यहां पर लगातार 24 घंटे कार्य किया जा रहा है।

SHARE THIS

RELATED ARTICLES

LEAVE COMMENT