बागपत। विश्व नदी दिवस के उपलक्ष्य में, उड़ान यूथ क्लब ने ‘नदियों के नाम पत्र लेखन अभियान’ के दूसरे संस्करण की घोषणा की है। इस अनोखे अभियान के अंतर्गत, प्रतिभागियों को अपने आसपास की नदियों से जुड़ी जानकारियाँ एकत्रित कर, उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए पत्र लिखकर भेजने का मौका मिलेगा। इन पत्रों में नदियों के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता और उनके योगदान को उजागर करना है। क्लब द्वारा चुने गए सर्वश्रेष्ठ पत्रों को उनकी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर साझा किया जाएगा।
उड़ान का उद्देश्य है कि वर्ष 2030 तक 10 लाख आभार पत्रों का संग्रह किया जाए, ताकि नदियों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को व्यापक रूप से फैलाया जा सके। अभियान में भाग लेने के इच्छुक लोग 20 सितंबर तक अपनी प्रविष्टियाँ भेज सकते हैं, और 22 सितंबर को विश्व नदी दिवस के अवसर पर चुने गए प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष अमन कुमार ने कहा, “नदियाँ हमारे जीवन का आधार हैं। वे न केवल हमारी भूमि को उपजाऊ बनाती हैं, बल्कि स्वच्छ जल और जैव विविधता को भी संरक्षित रखती हैं। सदियों से नदियाँ मानव सभ्यता की विकास यात्रा की साक्षी रही हैं। आज, जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और मानवीय लापरवाही के कारण कई नदियाँ संकट का सामना कर रही हैं। यह अभियान लोगों को नदियों के प्रति अपने आभार और प्रेम को व्यक्त करने का एक सार्थक अवसर देता है।” इस अभियान में प्रतिभागी नदियों से जुड़ी अपनी कहानियाँ और अनुभव साझा कर, उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता फैला सकते हैं।